Home » बर्फ फैक्टरी से अमोनिया गैस लीक होने से लोगों की तबीयत बिगड़ी, 25 अस्पताल दाखिल
देश

बर्फ फैक्टरी से अमोनिया गैस लीक होने से लोगों की तबीयत बिगड़ी, 25 अस्पताल दाखिल

कोलकाता।  पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट में एक आइस फैक्टरी से संदिग्ध अमोनिया गैस रिसाव के बाद कम से कम 25 लोगों की तबीयत बिगड़ गई।

प्रभावित लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे शापुकुर इलाके में यह घटना हुई। गैस आसपास के इलाकों में फैलने के बाद लोगों में अफरातफरी मच गई। गैस की चपेट में आए लोगों ने सांस लेने में परेशानी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें कीं। उन्हें इलाज के लिए हरुआ ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही हाड़ोवा थाने की पुलिस और दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। गैस रिसाव को नियंत्रित करने के साथ ही इसके कारणों की जांच शुरू की गई।

लोगों ने किया प्रदर्शन :  घटना के बाद स्थानीय लोगों में कारखाना प्रबंधन के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने कारखाना बंद करने की मांग को लेकर बेड़ाचांपा-हाड़ोवा मार्ग को अवरूद्ध कर और सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उक्त कारखाने से बार-बार गैस रिसाव जैसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की जान खतरे में है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कारखाने को बंद कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Search

Archives