Home » ‘महाकाली’ का ट्रेलर रिलीज, ‘शुक्राचार्य’ के खतरनाक रूप में दिखे अक्षय खन्ना, जानें कब रिलीज होगी फिल्म
मनोरंजन

‘महाकाली’ का ट्रेलर रिलीज, ‘शुक्राचार्य’ के खतरनाक रूप में दिखे अक्षय खन्ना, जानें कब रिलीज होगी फिल्म

‘धुरंधर’ में अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों का ध्यान खींचने वाले अक्षय खन्ना लगातार सुर्खियों में छाए हुए हैं। पिछले दिनों वह सनी देओल के साथ ‘इक्का’ में नजर आए और अब बड़े पर्दे पर एक और चैलेंजिंग किरदार निभाते नजर आएंगे। अक्षय खन्ना अब प्रशांत नील की ‘महाकाली’ में नजर आने वाले हैं, जिसका फर्स्ट लुक टीजर जारी किया जा चुका है।

इस फिल्म में अक्षय खन्ना, शुक्राचार्य की भूमिका में दिखाई देंगे। पौराणिक कथाओं के अनुसार, शुक्राचार्य प्रसिद्ध महर्षि भृगु के पुत्र और असुरों यानी दैत्य, दानव और रक्षसों के गुरु और पुरोहित थे। अब अक्षय खन्ना बड़े पर्दे पर ये चैलेंजिंग रोल निभाने वाले हैं, जिसके चलते उनकी चर्चा जोरों पर है।

शानदार एक्टिंग ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर किया वायरल :  टीजर में अक्षय खन्ना शुक्राचार्य की किरदार में शक्तिशाली और प्रभावशाली लग रहे हैं। उनके हाव-भाव और शानदार एक्टिंग ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर उन्हें वायरल कर दिया है। वहीं ‘महाकाली’ की भूमिका में श्रिया रेड्डी भी बेहद प्रभावशाली लग रही हैं। ट्रेलर के आखिरी में श्रिया महाकाली के अवतार में नजर आती हैं और उनकी गोद में एक बच्चा दिखाई देता है। ट्रेलर देखने के बाद ज्यादातर दर्शकों का कहना है कि उनकी नजर 2.42 मिनट पर टिक गई, जहां महाकाली के चेहरे पर प्रेम और क्रोध के भाव साथ-साथ नजर आते हैं। एक ने कमेंट करते हुए लिखा- ‘2:42 पर जो देखा, उससे रोंगटे खड़े हो गए।’ एक अन्य ने लिखा- ‘2:42 महाकाली का दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाला था’। वहीं कई ने शुक्राचार्य की भूमिका निभा रहे अक्षय खन्ना के लुक और अभिनय की तारीफ की।

कुल मिलाकर कहा जाए  महाकाली का ये ट्रेलर काफी शानदार है और इसे देखने के बाद फैंस की एक्साइटमेंट काफी बढ़ गई है, खासतौर पर अक्षय खन्ना का गुरु शुक्राचार्य का किरदार हर किसी का ध्यान खींच रहा है। मालूम हो कि महाकाली एक तेलुगु फिल्म है, जिसे हिंदी भाषा में भी रिलीज किया जाएगा।

कब रिलीज होगी महाकाली  :  फिल्म महाकाली के ट्रेलर के साथ-साथ निर्माता प्रशांत वर्मा ने इसकी रिलीज डेट से भी पर्दा उठाया है। जिसके तहत अगले साल मकर संक्रांंति के शुभ अवसर को मद्देनजर रखते हुए 8 जनवरी 2027 को इस माइथोलॉजिकल फिल्म के बड़े पर्दे पर रिलीज किया जाएगा।

अक्षय खन्ना की बात करें तो पिछले दिनों वह सनी देओल स्टारर कोर्टरूम ड्रामा ‘इक्का’ में नजर आए थे, जो ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। ‘इक्का’ से पहले अक्षय ने रणवीर सिंह स्टारर ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत की भूमिका से सुर्खियां बटोरीं। इस किरदार में वह इतने पसंद किए गए कि फिल्म रिलीज होने के बाद हर तरफ बस उन्हीं के चर्चे थे। पिछले दिनों अक्षय, बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर की शादी में भी शामिल हुए थे, जहां वह धुरंधर के बाद पहली बार बिना विग के नजर आए। सोशल मीडिया पर बोनी कपूर ने अंशुला की शादी की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं, जिनमें अक्षय खन्ना की झलक देखने को भी मिली थी।

Search

Archives