सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल
कोरबा। स्वतंत्रता दिवस की अलसुबह कोरबा के दर्री क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने गैस सिलेंडर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। करीब सुबह 4 बजे इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (एलओसी) गेट के सामने स्कॉर्पियो सवार 4-5 नकाबपोश बदमाशों ने एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक को रोक लिया और चालक की कनपटी पर कथित तौर पर बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी।
चालक के मुताबिक बदमाशों के पास बंदूक के साथ तलवार भी थी। हथियारों के डर से चालक ने विरोध नहीं किया। इसके बाद बदमाशों ने ट्रक से सात भरे हुए एलपीजी सिलेंडर उतारे और स्कॉर्पियो में लोड कर मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि ट्रक एलपीजी से गैस सिलेंडर लेकर बिरला की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने ट्रक को निशाना बनाया। सभी आरोपियों ने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।
वारदात की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही ट्रक चालक से पूछताछ कर बदमाशों और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तड़के हुई इस हथियारबंद लूट ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त इलाके में बदमाशों द्वारा बंदूक की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिए जाने से लोगों में दहशत है।
फिलहाल दर्री पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। सीसीटवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।







