Home » विश्व टेस्ट चैंपियनशिप इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज, दो के नाम तिहरा शतक, शुभमन गिल तीसरे नंबर पर
खेल

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज, दो के नाम तिहरा शतक, शुभमन गिल तीसरे नंबर पर

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मुकाबले फिर से शुरू होने वाले हैं। आने वाले दिनों में लगातार मैच खेले जाएंगे। इस बीच बड़ी बात ये है कि अब तक केवल दो ही बल्लेबाज ऐसे हुए हैं, जिन्होंने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में तिहरा शतक लगाया है। भारत के शुभमन गिल दोहरा शतक लगाकर इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। चलिए आपको टॉप 5 बल्लेबाजों के बारे में बताते हैं।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज डेविड वार्नर हैं। ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज रहे वार्नर ने साल 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ एडि​लेड के मैदान पर धमाकेदार अंदाज में नाबाद 335 रनों की पारी खेली थी। करीब सात साल बाद तक उनका ये रिकॉर्ड टूटा नहीं है।

इंग्लैंड के हैरी ब्रूक यहां दूसरे नंबर पर आते हैं। उनके नाम भी तिहरा शतक है। हैरी ब्रूक ने साल 2024 में पाकिस्तान के ही खिलाफ उन्हीं की जमीन यानी मुल्तान में 317 रनों की पारी खेली थी। इन दो बल्लेबाजों के अलावा तीसरा कोई भी बैटर इस टेस्ट टूर्नामेंट में तिहरा शतक नहीं लगा सका है।

भारत के शुभमन गिल यहां तीसरे नंबर पर आते हैं। उन्होंने दोहरा शतक लगाया है। गिल ने साल 2025 में इंग्लैंड के दौरे पर बर्मिंघम में खेले गए मैच में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 269 रनों की पारी खेली थी। भारत के लिए ये डब्ल्यूटीसी के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी पारी है।

इंग्लैंड के जैक क्रॉले ने साल 2020 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत पाकिस्तान के खिलाफ साउथेम्प्टन में अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 267 रनों की पारी खेलने में कामयाबी हासिल की थी।

इंग्लैंड के मौजूदा कप्तान जो रूट ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत पाकिस्तान के खिलाफ मुल्तान में साल 2024 में 262 रनों की पारी खेली थी। ये वही मैच है, जिसमें हैरी ब्रूक ने तिहरा शतक लगाया था। ये एक कीर्तिमानों से भरा हुआ मैच था।

Search

Archives