Home » गर्भवती महिला की हत्या का मामला : कई दौर की वार्ता के बाद धरना समाप्त, 21 लाख मुआवजा और फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस
राजस्थान

गर्भवती महिला की हत्या का मामला : कई दौर की वार्ता के बाद धरना समाप्त, 21 लाख मुआवजा और फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस

सीकर जिले के धोद थाना क्षेत्र के सरवड़ी गांव में गर्भवती प्रियंका कंवर पर घर में घुसकर किए गए जानलेवा हमले और चार दिन बाद इलाज के दौरान उनकी मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर चल रहा धरना शनिवार को करीब 24 घंटे बाद समाप्त हो गया। प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संघर्ष समिति के बीच कई दौर की वार्ता के बाद आर्थिक सहायता, त्वरित जांच और आरोपी को जल्द सजा दिलाने सहित प्रमुख मांगों पर सहमति बनी।

धारदार हथियार से हमला किया :  गौरतलब है कि 27 जुलाई को सरवड़ी गांव में पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर गर्भवती प्रियंका कंवर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। आरोपी ने उनके गले के साथ-साथ हाथ-पैरों पर भी वार किए थे। गंभीर रूप से घायल प्रियंका को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण गर्भ में पल रहे छह माह के शिशु की पहले ही मौत हो गई थी, जबकि चार दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद प्रियंका ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।
थाने के बाहर धरना शुरू किया : 
प्रियंका की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों का आक्रोश बढ़ गया और धोद थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया गया। समझौते के तहत पीड़ित परिवार को जनसहयोग से 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और विशेष लोक अभियोजक (स्पेशल पीपी) नियुक्त करने पर सहमति बनी। डीएसपी और एएसपी के नेतृत्व में निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने का भी भरोसा दिया गया। प्रशासन पात्रता के अनुसार परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएगा।

Search