Home » सक्ती से फिर करतला पहुंचा 22 हाथियों का दल, पहाड़गांव में मचाया उत्पात
कोरबा छत्तीसगढ़

सक्ती से फिर करतला पहुंचा 22 हाथियों का दल, पहाड़गांव में मचाया उत्पात

खेतों व झोपड़ी को किया क्षतिग्रस्त

कोरबा। वनमंडल कोरबा के करतला रेंज में 22 हाथियों का दल एक बार फिर दस्तक दे दिया है। सक्ती जिले के रैनखोल क्षेत्र से बीती रात पहुंचे इस दल में 15 मादा, 5 नर तथा दो बेबी एलिफेंट शामिल हैं।

हाथियों के दल ने आते ही पहाड़गांव में उत्पात मचाया और खेतों में पहुंचकर फसल को रौंदने के साथ एक ग्रामीण के झोपड़ी को निशाना बनाते हुए तहस-नहस कर दिया। बड़ी संख्या में क्षेत्र हाथियों के आने और उत्पात मचाए जाने की सूचना ग्रामीणों द्वारा दिए जाने पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। अमला हाथियों की निगरानी में जुट गया है। हाथियों की मौजूदगी वाले पहाड़गांव और आसपास के क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क करने का अभियान भी शुरू कर दिया गया है।

ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए जंगल न जाने तथा हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है। 22 हाथियों के नए दल के कोरबा वनमंडल में आने के बाद यहां सक्रिय हाथियों की संख्या अब बढ़कर 32 हो गई है। 10 हाथी पहले ही डिविजन के पसरखेत रेंज के कोल्गा क्षेत्र में विचरण कर रहे है।

हाथियों का यह दल भी पहले करतला रेंज में मौजूद था। कुछ दिनों तक वहां के जंगल में सक्रिय रहने और विचरण करने के बाद पसरखेत पहुंचा है और लगभग एक सप्ताह से डेरा डाल दिया है। संबंधित वन अमला हाथियों की लगातार निगरानी में लगा हुआ है। हाथियों के इस दल ने अभी कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाया है, फिर भी वन विभाग सतर्क है। उधर कटघोरा वनमंडल के एतमानगर, जटगा व केंदई रेंज में हाथियों की मौजूदगी लगातार बनी हुई है।

Search

Archives