Home » फंदे से लटका मिला युवक का शव, देर रात पिता से हुई थी सामान्य बातचीत
कोरबा

फंदे से लटका मिला युवक का शव, देर रात पिता से हुई थी सामान्य बातचीत

कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र स्थित टीपी नगर के पास किराए के कमरे में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली है।  मृतक की पहचान बरपाली निवासी 24 वर्षीय रोहन उर्फ अमन श्रीवास के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार रोहन उर्फ अमन टीपी नगर के पास किराए के कमरे में अकेले रहता था और एक सैलून में काम करता था। वह परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों की मानें तो गुरुवार रात करीब 9 बजे रोहन की अपने पिता से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद देर रात करीब ढाई बजे उसने दोबारा पिता को फोन किया।
बातचीत के दौरान वह रो रहा था। कुछ देर बाद उसने फोन काट दिया। शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने कई बार उसे फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका पर परिजन तुरंत उसके कमरे पर पहुंचे, जहां रोहन का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

Search