कीव। रूस ने यूक्रेन के बंदरगाह वाले दो शहरों पर हवाई हमले कर तीन लोगों को मार डाला और संपत्ति का नुकसान किया। रूस ने ये हमले ओडेसा और मीकोलेव पर किए। काला सागर के तट पर बसे मीकोलेव में विदेशी जहाज पर मौजूद दो यूक्रेनी नागरिक मारे गए, जबकि ओडेसा में एक की मौत हुई है। दोनों ही बंदरगाहों के ढांचे और संपत्तियों को भी हमले में नुकसान हुआ है।
इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि उसकी सेना ने रूस में एक और आयल रिफायनरी को निशाना बनाया है। साथ ही रूस में 800 किलोमीटर भीतर घुसकर उसके वायुसेना ठिकाने पर हमला कर टीयू 95 बमवर्षक विमान को नष्ट करने का दावा किया है। जुलाई में यूक्रेन ने रूस के तेल टैंकरों और मालवाही जहाजों पर लगातार हमले किए हैं।
अजोव सागर में ही एक सौ से ज्यादा टैंकरों और जहाजों पर हमले हुए हैं। इससे रूस को भारी नुकसान हुआ है। इन हमलों से बौखलाए रूस ने शुक्रवार को यूक्रेन के ओडेसा और मीकोलेव बंदरगाहों पर हमले किए हैं। रूस के हमलों से यूक्रेन से कारोबार कर रहे तीन मालवाही जहाजों को भी नुकसान हुआ है। यूक्रेन के बंदरगाहों से जहाजों पर खाद्यान्न का लदान रुक गया है।







