मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के गोविंदपुर रेल गेट पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है। जहां स्कूली बच्चों को ले जा रही एक वैन ने पटरी पार करने की कोशिश की, लेकिन ये गाड़ी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इस हादसे में दो बच्चों और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि कई अन्य बच्चे और साइकिल सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को बहरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा शुक्रवार को यानी 17 जुलाई 2026 को बहरामपुर पुलिस स्टेशन के कर्णसुबर्णा और गोविंदपुर स्टेशनों के बीच घटित हुआ। जानकारी अनुसार, कटवा-अजीमगंज रेलखंड के गेट नंबर 24।/2 पर सुबह करीब 6.41 बजे एक स्कूल वैन ट्रेन से टकरा गई। बताया जा रहा है कि यह वैन रॉयल एकेडमी स्कूल के बच्चों को ले जा रही थी। जब यह गाड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची तो दोनों दिशाओं से ट्रेनों के गुजरने के लिए लिए क्रॉसिंग गेट को बंद कर दिया गया। जैसे ही अप दिशा से ट्रेन नंबर 13431 गुजरी तो गेट खोल दिया गया और स्कूली वैन पटरी पर आ गई। वैन अभी पटरी पर ही थी कि तभी दूसरी तरफ से आ रही ट्रेन नंबर 53054 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और इस हादसे में वैन में सवार दो मासूमों और पास ही खड़े एक बुजुर्ग साइकिल सवार की मौत हो गई। गाड़ी में सवार अन्य घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गाड़ी में 8 लोग थे सवार
हादसे का शिकार हुई गाड़ी में कुल 8 लोग सवार थे। हादसा होते देख स्थानीय निवासी तुरंत मदद के लिए पहुंचे और उन्होंने वाहन में सवार छात्रों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तुरंत ही कर्णसुबर्णा ब्लॉक अस्पताल में ले जाया गया। जिनकी हालत गंभीर है, उन्हें मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस और स्थानीय नागरिक प्रशासन के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। रेलवे प्रशासन ने इस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।







