बैंक तोड़ने के औजार और बाइक जप्त
बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंध लगाकर चोरी और तोड़फोड़ करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी गया स्टेबलाइजर, राउटरन, घटना में इस्तेमाल की गई दो बाइक तथा बैंक की दीवार, लॉकर और एटीएम तोड़ने में प्रयुक्त गैती और टंगिया बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 को बेलतरा ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई कि 4 जुलाई की शाम बैंक बंद होने के बाद अज्ञात बदमाशों ने बैंक के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। सोमवार सुबह बैंक खुलने पर कर्मचारियों ने दीवार टूटी हुई देखी। जांच के दौरान पता चला कि बैंक का राउटर और बाहर लगा स्टेबलाइजर चोरी हो चुका है, वहीं लॉकर और एटीएम को धारदार औजारों से तोड़कर नगदी निकालने का प्रयास भी किया गया। हालांकि आरोपी इसमें सफल नहीं हो सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की। बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिनके आधार पर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। जांच के दौरान सुमेष कश्यप् उर्फ सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी सुमेष कश्यप 29 वर्ष, सूरज कुमार विश्वकर्मा 26 वर्ष, नवीन कुमार बैसवाड़े 28 वर्ष, खीकराम खैरवार उर्फ विक्की 25 वर्ष और प्रकाश यादव उर्फ बीना 19 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी का सामान, वारदात में प्रयुक्त औजार और दो बाइक बरामद कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायत उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ तथा पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







