Home » झाड़ियों से निकला 14 फीट लंबा किंगकोबरा, मचा हड़कंप
कोरबा

झाड़ियों से निकला 14 फीट लंबा किंगकोबरा, मचा हड़कंप

कोरबा। कोरबा वन मंडल के वन परिक्षेत्र पसरखेत अंतर्गत कोरबा-हाटी मुख्य मार्ग पर एक विशालकाय किंगकोबरा निकलने से हड़कंप मच गया। सड़क किनारे नाले के पास झाड़ियों से निकला करीब 14 फीट लंबा किंगकोबरा सड़क पार कर रहा था। उसे देखते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और इस मार्ग पर आवागमन कुछ देर के लिए पूरी तरह थम गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आई। वन मंडल अधिकारी प्रेमलता यादव को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर उप वन मंडल अधिकारी सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। चूंकि किंगकोबरा मुख्य मार्ग के किनारे था, इसलिए उसके घायल होने और लोगों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने सर्प व सरीसृप प्रजातियों के संरक्षण में लगी संस्था RCRS यानी Reptile Care and Rescuer Society के अविनाश यादव से संपर्क किया।

सूचना मिलते ही अविनाश यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां वन विभाग का अमला पहले से मौजूद था। सभी SOP का पालन करते हुए घटनास्थल के चारों ओर लगभग 50 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाया गया। भीड़ को नियंत्रित कर सुरक्षित दूरी पर रखा गया। भारी बारिश के बीच वन विभाग और RCRS की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किंगकोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। बाद में उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वस्थ पाए जाने पर उसे उसके प्राकृतिक आवास के पास सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू के बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किंगकोबरा जैसी प्रजाति को न मारा जाए। यदि कहीं जहरीला सांप या अन्य खतरनाक जीव दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू हो सके और किसी की जान को खतरा न हो। ग्रामीणों और वन प्रबंधन समिति के सदस्यों ने इस अपील पर सहमति जताई। सभी ने शपथ ली कि वे सांप दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना देंगे और संरक्षण में सहयोग करेंगे।

इससे पहले भी कोरबा क्षेत्र में कई बार किंगकोबरा पाए जा चुके हैं और उनका रेस्क्यू किया गया है। वन विभाग किंगकोबरा के संरक्षण को लेकर लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहा है।

Search

Archives