इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन ने वैभव सूर्यवंशी के भारतीय टीम में चयन को अविश्वसनीय कहानी करार देते हुए कहा कि इस 15 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज को अगर इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा पांच मैचों की टी20 सीरीज में डेब्यू का मौका मिलता है तो मेजबान टीम उन्हें रोकने की पूरी कोशिश करेगी। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाने वाले सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का क्रिकेट जगत बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले से पहले करन ने कहा, यह वाकई एक अविश्वसनीय कहानी है। मैंने लगभग पूरे महीने आईपीएल देखा और वैभव को बल्लेबाजी करते हुए देखकर लगा कि उनके लिए सब कुछ कितना सहज है। उन्हें जो पहचान और सराहना मिल रही है, वह पूरी तरह से उनकी हकदार हैं। वह बेहद स्वाभाविक प्रतिभा वाले खिलाड़ी हैं और इस समय अपने करियर का भरपूर आनंद ले रहे हैं। 15 साल की उम्र में भारत के लिए खेलना किसी सपने के सच होने जैसा है। प्रतिद्वंद्वी होने के बावजूद उनकी प्रतिभा और कौशल की प्रशंसा किए बिना नहीं रहा जा सकता।
करन का हालांकि मानना है कि इंग्लैंड की परिस्थितियां वैभव के लिए नई चुनौती साबित हो सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘इंग्लैंड में हालात अलग होंगे। यहां की पिचें भारत की तुलना में काफी अलग हैं। ऐसे में गेंदबाजों के पास अपनी योजनाओं को लागू कुरने का बेहतर मौका रहेगा।’ करन का इशारा सूर्यवंशी के आईपीएल 2026 के शानदार प्रदर्शन की ओर था, जिसमें उन्होंने 230 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज का गौरव हासिल किया था।







