Home » 11 गुंडा बदमाशों के घर पहुंचकर सत्यापन, अपराध से दूर रहने की पुलिस की सख्त समझाइश
कोरबा

11 गुंडा बदमाशों के घर पहुंचकर सत्यापन, अपराध से दूर रहने की पुलिस की सख्त समझाइश

कोरबा।  जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक  सिद्धार्थ तिवारी द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में सक्रिय अपराधियों, निगरानीशुदा बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक 02.07.2026 को थाना कोतवाली एवं चौकी मानिकपुर पुलिस द्वारा नगर निरीक्षक एवं चौकी प्रभारी के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों, चौक-चौराहों एवं बस्तियों में सघन मोटर साइकिल एवं पैदल पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान पुराने बस स्टैंड, सीतामणी चौक, मोतीसागरपारा, पावर हाउस रोड, राताखार चौक, सर्वमंगला, फोकटपारा, पानी टंकी मोहल्ला, शुभम ब्लॉक, मुड़ापार, रविशंकर नगर, अमरेया पारा सहित अन्य क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई।

पेट्रोलिंग के दौरान वाहनों की सघन जांच कर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही आम नागरिकों को नशे से दूर रहने, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु जागरूक किया गया।

इसके अतिरिक्त थाना कोतवाली एवं चौकी मानिकपुर क्षेत्र में निवासरत 11 गुंडा बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया तथा उन्हें शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करने, किसी भी प्रकार के अपराध में शामिल नहीं होने एवं कानून का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। उन्हें स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के माध्यम से जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने के लिए लगातार सघन पेट्रोलिंग, निगरानी एवं अभियानात्मक कार्रवाई जारी रखे हुए है।

Search

Archives