Home » स्वास्थ्य मंत्री ने महारानी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, 200 से 300 बेड में अपग्रेड करने दिए निर्देश
छत्तीसगढ़

स्वास्थ्य मंत्री ने महारानी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, 200 से 300 बेड में अपग्रेड करने दिए निर्देश

जगदलपुर।  प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बुधवार को बस्तर के ऐतिहासिक महारानी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

मंत्री ने मानवीय संवेदनाओं के साथ मरीजों को बेहतर उपचार और सेवा प्रदान करने को कहा। उन्होंने अस्पताल को आम लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप अधिक सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की वर्तमान 200 बिस्तर क्षमता को बढ़ाकर 300 बिस्तर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नए सेटअप और अस्पताल भवन उन्नयन का प्रस्ताव विभाग को भेजने को भी कहा। जायसवाल ने मरीजों की सुविधा के लिए डायलिसिस सेंटर और कैंसर यूनिट के निर्माण को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने अस्पताल परिसर की अंदरूनी सड़कों की मरम्मत भी शीघ्र करवाने के निर्देश दिए। मंत्री ने आपातकालीन चिकित्सा कक्ष, ओपीडी, ईसीजी यूनिट और ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। उन्होंने उपचार के लिए आए मरीजों तथा उनके परिजनों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जांच सुविधाओं का विस्तार :  मंत्री ने अटल आरोग्य लैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां उपलब्ध जांच सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों को आवश्यक उपकरणों की शीघ्र स्थापना करने के निर्देश दिए गए। इससे सभी 134 प्रकार की जांच सुविधाएं जल्द सुनिश्चित होंगी।

Search