बुधवार का दिन भगवान गणेश और बुध ग्रह को समर्पित है। इस दिन गणपति जी की पूजा करने से बुद्धि और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है। गणेश जी की पूजा के लिए बुधवार का सबसे उत्तम माना गया है। ऐसे में इस दिन गौरी पुत्र गणेश को उनके प्रिय भोग (बूंदी के लड्डू और मोदक) जरूर अर्पित करें। वहीं अगर आपका बुध ग्रह कमजोर है तो बुधवार के दिन हरी मूंग का दान करें। मूंग का दान करने से आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है।
एक जुलाई को उत्तराषाढ़ा नक्षत्र का भी संयोग बन रहा है। उत्तराषाढ़ा नक्षत्र के देवता विश्वेदेव हैं। विश्वेदेव में दस देवताओं के नाम शामिल हैं- इंद्र, अग्नि, सोम, त्वष्ट्रा, रुद्र, पूखन्, विष्णु, अश्विनी, मित्रावरूण और अंगीरस। तो चलिए आचार्य इंदु प्रकाश से जानते हैं कि बुधवार और उत्तराषाढ़ा नक्षत्र के शुभ संयोग में कौनसे उपाय करने चाहिए।
– अगर आप अपने वैवाहिक जीवन को सुख और प्रसन्नता से भरा देखना चाहते हैं, तो उत्तराषाढ़ा नक्षत्र के दौरान कटहल के पेड़ या उसके फल का दर्शन करें और हाथ जोड़कर अपने वैवाहिक जीवन में सुख और संपन्नता लाने के लिए प्रार्थना करें। अगर बुधवार के दिन कटहल के पेड़ का दर्शन करना संभव न हो, तो आप इंटरनेट या अपने फोन पर तस्वीर का दर्शन कर सकते है अगर ये भी संभव न हो तो मन में हरे-भरे कटहल के पेड़ की कल्पना करके उसे प्रणाम करें।
– अगर आप जीवन की भाग-दौड़ से परेशान हैं, तो बुधवार के दिन आपको विश्वेदेव, यानी इंद्र, अग्नि, सोम, त्वष्ट्रा, रुद्र, पूखन्, विष्णु, अश्विनी, मित्रावरूण और अंगीरस का नाम लेते हुए उन्हें प्रणाम करना चाहिए और पक्षियों को दाना डालना चाहिए।
– अगर आप करियर में खूब कामयाबी हासिल करना चाहते हैं, तो बुधवार के दिन उत्तराषाढ़ा नक्षत्र के दौरान आपको कटहल के पेड़ को प्रणाम करें और अपने कामयाबी के लिए प्रार्थना करें। साथ ही बुधवार कटहल के फल को मंदिर में दान करना चाहिए।
– अगर बहुत कोशिशों के बाद भी आपको मनचाही सफलता नहीं मिल पा रही है, तो बुधवार के दिन आपको मंदिर में सवा किलो गेहूं का दान करना चाहिए।
– अगर आप राजनीति में कदम रखना चाहते हैं, लेकिन आपको घर से सपोर्ट नहीं मिल पा रहा है, तो बुधवार के दिन आपको चींटियों को शक्कर मिला हुआ आटा डालना चाहिए। अगर लाल चींटियां हो तो और भी अच्छा है।
– अगर आप अपने वैवाहिक जीवन को मिठास से भर देना चाहते हैं, तो बुधवार के दिन श्री गणेश भगवान की पूजा के समय हल्दी में थोड़ा-सा घी मिलाकर भगवान के मस्तक पर तिलक लगाएं और उनके सामने घी का दीपक भी जलाएं।
– अगर आप अपने घर-परिवार की सुख-समृद्धि को बनाये रखना चाहते हैं, तो बुधवार के दिन केले का फल लेकर अपने लड़के को या अपने लड़के समान किसी अन्य बच्चे को या अपने भतीजे या भांजे को खाने के लिए दें।
– अगर आप अपने जीवन की गति को निरंतर बनाये रखना चाहते हैं, तो उसके लिए बुधवार के दिन स्नान आदि के बाद साफ कपड़े पहनकर, सबसे पहले अपने इष्ट देव का ध्यान करें। फिर अपने मस्तक पर केसर का तिलक लगाएं।
– अगर आप अपने और अपनी संतान के स्वास्थ्य के लिए परेशान रहते हैं, तो दोनों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए घर में कुत्ता पालें। अगर कुत्ता न पाल सकें, तो कुत्ते को रोटी खिलाएं। इसके अलावा अगर आपकी कोई संतान नहीं है, तो आपको जल्द ही संतान सुख की भी प्राप्ति होगी।
– अगर आपके जीवन में मिठास की जगह समस्याओं ने ले ली है, तो जीवन से समस्याओं को दूर करने के लिए और रिश्तों में मजबूती लाने के लिए बुधवार के दिन स्नान आदि के बाद एक इमली का पैकेट लेकर श्री गणेश के मंदिर में जाकर चढ़ाएं।
डिस्क्लेमर : उक्त लेख धार्मिक आस्था व लोक मान्यताओं पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए Today Studio उत्तरदायी नहीं है।







