Home » रात्रि में थार वाहन को क्षति पहुंचाने वाले बालक की पहचान, अकलतरा पुलिस ने की कार्यवाही
छत्तीसगढ़

रात्रि में थार वाहन को क्षति पहुंचाने वाले बालक की पहचान, अकलतरा पुलिस ने की कार्यवाही

जांजगीर चांपा। जिले के थाना अकलतरा पुलिस ने थार वाहन को क्षति पहुंचाने की घटना का पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में त्वरित खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक की पहचान की है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

कल सुबह लगभग 6 बजे प्रार्थिया श्रीमती रजनी साहू, उपाध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर द्वारा थाना अकलतरा में सूचना दी गई कि उनके स्वामित्व की थार वाहन क्रमांक सीजी 10सीडी 3506 के दरवाजे एवं कांच को रात्रि के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।

बताया गया कि वाहन घर के आस पास खड़ा था। रात्रि लगभग 2 बजे वाहन के पास आवाज सुनाई देने पर घर के सदस्य बाहर निकले, किंतु उस समय कोई व्यक्ति दिखाई नहीं दिया। सुबह वाहन को देखने पर उसके दरवाजे एवं सामने के कांच को क्षतिग्रस्त पाया गया, जिसकी सूचना तत्काल वाहन स्वामिनी को दी गई।

सूचना पर थाना अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए अपराध क्रमांक 355/2026 धारा 303(2), 62 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर एक विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ की गई। पूछताछ में बालक ने रात्रि के समय वाहन के साथ छेड़छाड़ करना तथा वाहन के सामने के कांच को क्षतिग्रस्त करना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक तथ्य एकत्रित कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Search

Archives