Home » व्यापार विहार में दिनदहाड़े बड़ी वारदातः झांसा देकर 3 लाख रू.से भरा बैग लेकर बदमाश हुए फरार
छत्तीसगढ़

व्यापार विहार में दिनदहाड़े बड़ी वारदातः झांसा देकर 3 लाख रू.से भरा बैग लेकर बदमाश हुए फरार

व्यापारियों में दहशत का माहौल

बिलासपुर। शहर के प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्र व्यापार विहार में दिनदहाड़े व्यापाारी को झाड़फूंक का झांसा देकर ठगी की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थोक मंडी में खरीदारी करने पहुंचे एक व्यापारी से बाइक सवार दो बदमाशों ने 3 लाख रूपए से भरा बैैग झांसा देकर ले लिया और देखते ही देखते भीड़भाड़ वाले इलाके से फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार नवागढ़ निवासी व्यापारी जनक प्रसाद साहू अपने बेटे उमेश कुमार साहू के साथ व्यापारिक जरूरतों के लिए नकद राशि लेकर व्यापार विहार पहुंचे थे। उन्होंने, लहसुन, प्याज सहित अन्य कृषि उत्पाादों की थोक खरीदारी की। इसके बाद जब वे अंडा चौक के पास से गुजर रहे थे, तभी पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले व्यापारी को अपनी बातों में उलझाया और तबीयत ठीक करने का झांसा देकर कुछ कदम आगे चलने के लिए कहा, इसी दौरान मौका मिलते ही उनके हाथ से रूपयों से भरा बैग लेकर आरोपी भागने लगे। अचानक हुई इस वारदात से व्यापारी हक्का बक्का रह गया और उन्होंने शोर मचाया और पीछे दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी तेज रफ्तार में बाइक से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही तारबहार पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने व्यापार विहार और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। फुटेज में बाइक सवार संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस ठगी को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, बाइक और आरोपियों के हुलिए के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं व्यापार विहार जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। व्यापारियों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Search