Home » जबलपुर में बीजेपी नेत्री की संदिग्ध मौत! घर की गैलरी में चली गोली, अस्पताल में तोड़ा दम
मध्यप्रदेश

जबलपुर में बीजेपी नेत्री की संदिग्ध मौत! घर की गैलरी में चली गोली, अस्पताल में तोड़ा दम

कुछ दिन पहले हुआ था बम से हमला, अब गोलीकांड में गई भाजपा नेत्री की जान

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रहस्यमयी मामला सामने आया है। रांझी थाना क्षेत्र के पुराने शोभापुर इलाके में बीजेपी नेत्री संगीता रजक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। देर रात हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के समय संगीता रजक के घर के बाहर किसी बात को लेकर विवाद और हंगामा चल रहा था। शोर-शराबा सुनकर वह अपने बचाव के लिए घर में रखी लाइसेंसी बंदूक लेकर गैलरी में पहुंचीं। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज गूंजी और कुछ ही सेकंड में संगीता रजक खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोट के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसा, आत्महत्या या साजिश?

घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि गोली आखिर चली कैसे? पुलिस इस मामले को हादसा, आत्महत्या और हत्या, तीनों एंगल से जांच रही है। घटनास्थल से मिले सबूतों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

कुछ दिन पहले हुआ था बम हमला

इस मामले ने इसलिए भी ज्यादा सनसनी फैला दी है, क्योंकि कुछ दिन पहले ही अज्ञात बदमाशों ने संगीता रजक के घर पर कथित तौर पर बम से हमला किया था। उस घटना के बाद परिवार पहले से ही दहशत में था। अब गोली लगने से हुई मौत ने पूरे मामले को और रहस्यमयी बना दिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इलाके में देर रात भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना की सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Search

Archives