Home » कंबोडिया मानव तस्करी में साइबर धोखाधड़ी रैकेट का भंडाफोड़, ईडी ने पंजाब-यूपी में की छापामारी
दिल्ली-एनसीआर

कंबोडिया मानव तस्करी में साइबर धोखाधड़ी रैकेट का भंडाफोड़, ईडी ने पंजाब-यूपी में की छापामारी

नई दिल्ली। ईडी ने कंबोडिया से जुड़े मानव तस्करी और साइबर धोखाधड़ी के बड़े मामले में बुधवार को पंजाब और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई भारत और कंबोडिया में सक्रिय एक संगठित गिरोह के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की गई है।

ईडी के अनुसार, जांच में सामने आया है कि यह गिरोह मानव तस्करी, साइबर अपराध तथा इन अवैध गतिविधियों से अर्जित धन को वैध बनाने यानी मनी लांड्रिंग में शामिल हो सकता है।

एजेंसी को मिली खुफिया सूचनाओं के आधार पर राज्य पुलिस के सहयोग से संदिग्ध व्यक्तियों और उनसे जुड़े परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया गया।

नौकरी के नाम पर विदेश ले जाकर साइबर धोखाधड़ी

अधिकारियों ने बताया कि छापामारी के दौरान उन एजेंटों और बिचौलियों को निशाना बनाया गया, जो विदेश में आकर्षक रोजगार दिलाने का झांसा देकर लोगों को कंबोडिया भेजने में मदद करते थे।

जांच एजेंसियों का मानना है कि कई भारतीय नागरिकों को नौकरी के नाम पर विदेश ले जाकर साइबर धोखाधड़ी जैसे अवैध कार्यों में जबरन लगाया गया। ईडी का यह मामला दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी और आरोपपत्रों के आधार पर दर्ज किया गया है। एजेंसी अब इस नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अपराध से अर्जित संपत्तियों की भी जांच कर रही है।

Search

Archives