Home » इंतजार खत्म… अगले 20 घंटे में केरल पहुंचेगा मानसून, 4 जून से तटीय इलाकों में भारी बारिश का अनुमान
दिल्ली-एनसीआर

इंतजार खत्म… अगले 20 घंटे में केरल पहुंचेगा मानसून, 4 जून से तटीय इलाकों में भारी बारिश का अनुमान

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 20 से 24 घंटों के भीतर केरल में दस्तक दे सकता है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि मानसून 4 जून तक केरल पहुंच जाएगा। यह सामान्य तिथि की तुलना में करीब तीन दिन की देरी से आगमन होगा।

बंगाल की खाड़ी में सिस्टम एक्टिव

मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने अनुकूल मौसमी हालात के कारण मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही 4 जून से केरल और अन्य तटीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

सात दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी ने अगले सात दिनों के लिए केरल में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं तमिलनाडु, कर्नाटक, लक्षद्वीप तथा दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी भारी वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने के साथ दक्षिण भारत के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलेगा और वर्षा गतिविधियों में तेजी आएगी।

कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी

दक्षिण भारत में 3 से 5 जून तक उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और तेलंगाना में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी कई स्थानों पर वर्षा गतिविधियां देखने को मिलेंगी। मौसम विभाग के अनुसार 3 से 9 जून के बीच केरल और माहे में कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

कर्नाटक और लक्षद्वीप में भी भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार कर्नाटक और लक्षद्वीप में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तटीय कर्नाटक में 3 जून को तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि 4 से 7 जून के दौरान यहां भारी वर्षा हो सकती है। दक्षिणी और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Search

Archives