Home » स्कॉर्पियो आगजनी कांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश : पूर्व सरपंच सहित 4 लोगों की हत्या, पत्नी और बच्चों ने किया कत्ल, हादसा दिखाने गाड़ी को किया आग के हवाले
राजस्थान

स्कॉर्पियो आगजनी कांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश : पूर्व सरपंच सहित 4 लोगों की हत्या, पत्नी और बच्चों ने किया कत्ल, हादसा दिखाने गाड़ी को किया आग के हवाले

अजमेर। बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव में गुरुवार सुबह सामने आए दिल दहला देने वाले स्कॉर्पियो आगजनी कांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। शुरुआती तौर पर हादसा माने जा रहे इस मामले में अब चौंकाने वाला सच सामने आया है।

जांच में खुलासा हुआ कि पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी दूसरी पत्नी सुरज्ञान देवी, मां पूसी देवी और भांजी महिमा की हत्या कर शवों को स्कॉर्पियो में डालकर आग लगाई गई थी। मामले में पुलिस ने पूर्व सरपंच की पहली पत्नी सुनीता के साथ उसकी नाबालिग बेटी और बेटे को डिटेन किया है। पुलिस के अनुसार तीनों ने मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया।

खेत के औजार से काटे गले, फिर रची हादसे की साजिश :  पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने रात के समय घर के अंदर खेत में इस्तेमाल होने वाले धारदार हथियार से चारों की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को हादसे का रूप देने के लिए ट्रैक्टर से डीजल निकाला और शवों को स्कॉर्पियो गाड़ी में डालकर घर से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर वहां गाड़ी पर डीजल छिड़ककर आग लगा दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटनास्थल पर केवल नाबालिग बेटा ही गया था, जबकि मां और बेटी घर पर ही रहीं। आग लगाने के बाद बेटा वापस घर लौट आया और परिवार ने खुद को घटना से अनजान बताते हुए रोना-धोना शुरू कर दिया।

सुबह जली हुई गाड़ी में मिले थे शव :  घटना गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे सामने आई, जब पता चला कि श्रीरामपुरा रोड पर एक स्कॉर्पियो में आग लगी हुई है। मौके पर पहुंचने पर गाड़ी बुरी तरह जल चुकी थी। तीन शव गाड़ी के पीछे पड़े मिले, जबकि सुरज्ञान देवी अधजली हालत में सड़क किनारे खेत में पड़ी मिलीं। स्थानीय लोगों और एक ट्रक चालक की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

प्रताड़ना से तंग आकर उठाया खौफनाक कदम :  पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी दूसरी शादी के बाद पहली पत्नी और बच्चों को लगातार प्रताड़ित करता था। वह शराब के नशे में मारपीट करता था और नाबालिग बेटे पर भी अत्याचार करता था। बेटे को घर और खेत तक ही सीमित रखा जाता था तथा बाहर जाने की अनुमति नहीं थी। पुलिस के अनुसार बुधवार शाम को रामसिंह ने बेटी के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद पहली पत्नी, बेटी और बेटे ने मिलकर हत्या की साजिश रची और रात में चारों की हत्या कर दी।

चार लोगों की बेरहमी से हत्या और फिर शवों को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना के बाद गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर आरोपियों से पूछताछ की, जिसके बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और नाबालिग आरोपी की भूमिका को लेकर भी कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

Search

Archives