Home » प्रधान आरक्षक व आरक्षक लाइन अटैच : कबाड़ के मामले में थाना लाए गए दो कबाड़ियों के साथ निभाई जा रही थी दोस्ती
छत्तीसगढ़ बिलासपुर

प्रधान आरक्षक व आरक्षक लाइन अटैच : कबाड़ के मामले में थाना लाए गए दो कबाड़ियों के साथ निभाई जा रही थी दोस्ती

बिलासपुर। अक्सर यह सुनने को मिलता है कि कि अवैध कबाड़ के कारोबार का संचालन करने वाले कबाड़ियों की पुलिस महकमे के कुछ लोगों के साथ अच्छी सांठगांठ रहती है। कई मौके पर यह उजागर भी हुआ है और कार्रवाई भी तय की गई है।

इसी कड़ी में बिलासपुर जिले के कोनी थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक और मोहर्रिर को इसलिए लाइन अटैच कर दिया गया है क्योंकि उनके द्वारा कबाड़ के मामले में थाना लाए गए दो कबाड़ियों के साथ दोस्ती-यारी दिखाते हुए उन्हें चाय पिलाई जा रही थी। इस तरह की कार्रवाई ऐसे पुलिसकर्मियों के लिए कड़ा संदेश है जो कई तरह के अवैध धंधे में सम्मिलित लोगों से नजदीकी बनाकर पुलिस महकमे को बदनाम करने में कोई कमी नहीं रखते।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में अवैध रूप से संचालित कबाड़ियों के खिलाफ कार्यवाही किये जाने हेतु सख्त निर्देश दिये गये हैं। इसी अनुक्रम में थाना कोनी क्षेत्र में कबाड़ का अवैध व्यवसाय करने वाले 2 आरोपियों को थाना लाया गया। इसी दौरान यह पाया गया कि दोनों कबाड़ी को प्रधान आरक्षक (मोहरीर) एवम् मददगार के समक्ष बैठकर चाय पीते हुये नजर आयें हैं। यह अपराधियों के विरूद्ध की जा रही कड़ी कार्यवाही को कमजोर दिखाता है और इस तरीके की लापरवाही अक्षम्य है।

अतः उक्त कृत्य के लिये प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी, एवम् मददगार आरक्षक अनुज जांगड़े को आगामी आदेश पर्यन्त तत्काल प्रभाव से थाना कोनी से रक्षित केन्द्र, बिलासपुर सम्बद्ध किया जाता है।

Search

Archives