PM Modi Norway visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों पांच देशों के दौरे पर हैं। इस क्रम में वह आज चौथे देश नार्वे पहुंचे। पीएम मोदी इससे पहले यूएई, नीदरलैंड और स्वीडन का दौरा कर चुके हैं। नॉर्वे में पीएम मोदी दो दिनों तक रुकेंगे। नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में पीएम मोदी तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस बीच पीएम मोदी ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी की।
पीएम मोदी की यात्रा का अगला पड़ाव नॉर्वे है। पीएम मोदी यहां भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पिछले 43 वर्षों में किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली नॉर्वे यात्रा है। इस दौरे में 30 से अधिक व्यापारिक और तकनीकी समझौते होने की उम्मीद है। इसमें ‘ग्रीन टेक्नोलॉजी’ और एलपीजी सप्लाई की डील सबसे खास होगी। नॉर्वे के सरकारी फंड का भारत के शेयर बाजार में $28 अरब का निवेश है। इस दौरे में नए निवेश की घोषणा भी हो सकती है।
स्वीडन में पीएम का हुआ जोरदार स्वागत : इससे पहले पीएम मोदी स्वीडन पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। पीएम मोदी को रिसीव करने स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन खुद एयरपोर्ट पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी को स्वीडन के सर्वोच्च सम्मान ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार’ से नवाजा गया। स्वीडन में कारोबारियों के साथ एक कार्यक्रम में बोलते हुए पीएम मोदी ने भारत और यूरोप के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को जल्द से जल्द लागू करने पर जोर दिया। वहीं पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की कार्रवाई का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने आतंकवाद के मामले पर साफ कर दिया कि किसी भी टेररिस्ट एक्टिविटी के खिलाफ भारत का एक्शन जारी रहेगा।







