Home » भारत लाया जाएगा दाऊद का गुर्गा सलीम डोला, क्या है सुरक्षा एजेंसियों का प्लान ?
दिल्ली-एनसीआर दुनिया

भारत लाया जाएगा दाऊद का गुर्गा सलीम डोला, क्या है सुरक्षा एजेंसियों का प्लान ?

नई दिल्ली। 5000 करोड़ रुपये के ड्रग्स कार्टेल के सरगना सलीम डोला की गिरफ्तारी दाऊद इब्राहिम सिंडिकेट के लिए एक बड़ा झटका है। डोला को राष्ट्रीय खुफिया संगठन और पुलिस इकाइयों के संयुक्त अभियान में तुर्किये में गिरफ्तार किया गया है।

भारत डोला के प्रत्यर्पण की मांग करेगा, क्योंकि उससे पूछताछ दाऊद सिंडिकेट को और कमजोर करने के लिए महत्वपूर्ण होगी। भारतीय एजेंसियां संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के साथ समन्वय कर डोला को लाने का प्रयास करेंगी, क्योंकि भारत का तुर्किये के साथ प्रत्यर्पण समझौता नहीं है।

सलीम डोला के पास यूएई का पासपोर्ट

एक अधिकारी ने बताया कि पहला कदम डोला को यूएई प्रत्यर्पित करना होगा, क्योंकि उसके पास यूएई का पासपोर्ट है। इसके बाद भारतीय एजेंसियां यूएई के साथ समन्वय करेंगी और फिर उसे भारत प्रत्यर्पित करवाएंगी। डोला को सीबीआई के अनुरोध पर जारी इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर हिरासत में लिया गया था। मुंबई पुलिस को उसकी तलाश थी, जो उससे नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई मामलों में पूछताछ करना चाहती थी।

गिरफ्तारी से आईएसआई पर भी पड़ेगा असर

खुफिया ब्यूरो के एक अधिकारी ने कहा कि डोला की गिरफ्तारी से मुंबई, गुजरात और दिल्ली में दाऊद गिरोह की गतिविधियों में काफी कमी आएगी। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की आय पर भी उसकी गिरफ्तारी का गहरा असर पड़ेगा। लिहाजा, आईएसआई द्वारा भारत में सक्रिय आतंकी संगठनों की फंडिंग में कमी आएगी। नशीले पदार्थों के सिंडिकेट पर कार्रवाई करना आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भी महत्वपूर्ण है।

Search