नीलोखेड़ी (करनाल)। संधीर गांव में एक व्यक्ति द्वारा कोबरा सांप को पकड़कर उससे करतब दिखा रहा था। इसी दौरान सांप ने उसकी अंगुली पर काट लिया, जिससे व्यक्ति की मौत हो गई।
वह व्यक्ति शौकिया तौर पर सांप को पकड़ता था और उनके साथ करतब भी करता था। मृतक का गांव में संस्कार किया गया। संधीर के सरपंच धर्मपाल के अनुसार 35 वर्षीय राजिंद्र अविवाहित है। वह मजदूरी करता था और उसे सांप पकड़ने का भी शौक था। गांव के श्मशान घाट में निर्माण कार्य चल रहा है। वहां मजदूर ईंटें उठा रहे थे तो उन्हें एक काले रंग का सांप दिखाई दिया, जिसे देखकर मजदूर डर गए। सांप को पकड़वाने के लिए उन्होंने स्नेकमैन सतीश फफडाना को फोन किया था। वह रास्ते में ही था कि इस दौरान गांव का राजिंद्र मौके पर पहुंच गया। उसने उस सांप को पकड़ लिया।
जैसे की सांप को लेकर वह चलने लगा तो उस सांप ने उसकी अंगुली पर काट दिया। उसकी अंगुली से खून निकलने लगा तो वह उस खून को अपने ही मुंह से चूस लिया। इसके बाद वह बेहोश हो गया। उसे डॉक्टर के पास लेकर गए तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।







