Home » अमेरिका ने ईरान से लापता दूसरे पायलट को भी बचाया, भारी गोलीबारी के बीच किया रेस्क्यू
दुनिया

अमेरिका ने ईरान से लापता दूसरे पायलट को भी बचाया, भारी गोलीबारी के बीच किया रेस्क्यू

मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच शुक्रवार को ईरान ने अमेरिका के F-15E जेट को मार गिराया। इस हमले के बाद एक पायलट को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि दूसरा पायलट लापता था। लापता पायलट को लेकर अल जजीरा ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि वह मिल गया है।

अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि F-15E विमान के दूसरे पायलट को भारी गोलीबारी के बाद बचा लिया गया है। उन्होंने बताया कि लापता पायलट को बचाने कि पुष्टि हो गई है, लेकिन वह अभी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है।

अमेरिकी अधिकारी ने आगे बताया कि बचाव दल को अभी भी ईरान से सफलतापूर्वक बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचना बाकी है। इसलिए बचाव अभियान अभी भी जारी है।

ईरान ने मार गिराया था अमेरिकी फाइटर जेट :  बता दें कि ईरान ने अमेरिकी फाइटर जेट F-15E को मार गिराया। इस दौरान एक पायलट सुरक्षित बच गया। जबकि दूसरा लापता हो गया। अमेरिकी सेना दूसरे पायलट को बचाने के लिए एक अभियान चला रही थी। यही नहीं ईरानी अधिकारी भी पायलट की तलाश में जुटे हुए थे। ईरानी सेना ने एलान किया था कि जो कोई भी उस पायलट को ढूंढ निकालेगा, उसे इनाम दिया जाएगा।

ईरानी सेना ने अमेरिकी विमान चालक दल के सदस्य की तलाश के लिए एक बड़ा अभियान भी शुरू किया था। उसने सदस्य के ठिकाने के बारे में जानकारी देने वाले किसी भी नागरिक को 60,000 डॉलर का इनाम देने की घोषणा की थी।

सुरक्षित वापसी का इंतजार :  इस बीच अल जजीरा ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि दूसरे पायलट को खोज लिया है। हालांकि, उसके सुरक्षित वापसी का इंतजार है। अमेरिकी सैनिकों द्वारा बचाने की कोशिश जारी है। इस बीच अल जजीरा ने अमेरिकी अधिकारियों के सूत्रों के हवाले से बताया कि ईरान में क्रैश हुए F-15E फाइटर जेट का पायलट भारी गोलीबारी के बीच मिल गया है। लेकिन अभी ईरान की सीमा से बाहर नहीं निकल सका है। अमेरिकी सैनिकों द्वारा लगातार बचाव अभियान जारी है।

ट्रंप ने भी की पुष्टि :  अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भी ईरान में लापता अपने अमेरिकी पायलट के बचाव की पुष्टि की है। ट्रंप ने कहा, “हमने उसे बचा लिया! मेरे प्यारे अमेरिकी साथियों, पिछले कुछ घंटों में, अमेरिकी सेना ने अमेरिकी इतिहास के सबसे साहसी खोज और बचाव अभियानों में से एक को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। यह अभियान हमारे एक बेहतरीन क्रू सदस्य अधिकारी के लिए था, जो एक बेहद सम्मानित कर्नल भी हैं, और मुझे आपको यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि वह अब पूरी तरह सुरक्षित और सही-सलामत हैं।”

Search

Archives