भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने न सिर्फ एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है, बल्कि मंच पर महिला कलाकारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। वायरल क्लिप में भोजपुरी सिंगर धनंजय शर्मा एक लाइव स्टेज शो के दौरान ऐसी हरकत करते दिखाई दे रहे हैं, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए. धनंजय शर्मा अचानक महिला डांसर को मंच से उठाकर दर्शकों के बीच फेंक देते है।
स्टेज शो में पार कर दी मर्यादा
दरअसल, वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यक्रम के दौरान गाना गाते हुए अचानक भोजपुरी सिंगर धनंजय शर्मा अपनी साथी महिला डांसर को गोद में उठा लेते हैं। इसके बाद वह डांसर को उठाकर सीधे मंच के नीचे खड़ी दर्शकों की भीड़ की ओर उछाल देते हैं। यह दृश्य देखते ही कार्यक्रम में मौजूद कई लोग हैरान रह गए, वहीं मंच के पास खड़ी एक महिला ने इस हरकत को बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक बताया।
पुलिस ने शुरू की जांच
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में हुए स्टेज शो की बताई जा रही है। मामले के वायरल होने के बाद पुलिस भी एक्टिव हो गई है। बताया जा रहा है कि संबंधित थाने को वीडियो की जांच करने और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट चुकी है। भोजपुरी इंडस्ट्री में स्टेज शो के दौरान विवाद की खबरें पहले भी सामने आती रही हैं। कई बार महिला डांसरों के साथ अभद्र व्यवहार या फूहड़ परफॉर्मेंस को लेकर सवाल उठते रहे हैं।







