Home » अबूधाबी में बिहार का युवक गिरफ्तार, ईरान के मिसाइल हमले का वीडियो पोस्ट करने पर हुई कार्रवाई
बिहार

अबूधाबी में बिहार का युवक गिरफ्तार, ईरान के मिसाइल हमले का वीडियो पोस्ट करने पर हुई कार्रवाई

दिघवारा (सारण)। मध्य पूर्व में जारी ईरान-इजराइल तनाव के बीच मिसाइल हमले का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करना दिघवारा के एक युवक को भारी पड़ गया।

जानकारी के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात के अबूधाबी में पुलिस ने इस मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया है। युवक की गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद उसके परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजन सरकार और जनप्रतिनिधियों से मदद की उम्मीद लगाए हुए हैं।

गिरफ्तार युवक की पहचान दिघवारा थाना क्षेत्र के चकनूर वार्ड संख्या पांच निवासी पूर्व वार्ड पार्षद सिकंदर राम के 22 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि रितेश को 11 मार्च की देर रात अबूधाबी पुलिस ने हिरासत में लिया। हालांकि आधिकारिक रूप से परिजनों को अभी तक वहां की पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई है।

एसी रिपेयरिंग का करता है काम

स्वजन के अनुसार, कई दिनों तक रितेश का फोन नहीं आने और काल करने पर भी संपर्क नहीं होने से घरवालों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद जब उन्होंने रितेश के साथ काम करने वाले दोस्तों से संपर्क किया तो उसकी गिरफ्तारी की जानकारी मिली।

इस सूचना के बाद से घर का माहौल काफी गमगीन हो गया है। परिवार के लोग लगातार चिंता में हैं और किसी तरह बेटे की रिहाई की उम्मीद लगाए हुए हैं। बताया जाता है कि रितेश करीब दो वर्ष पहले एसी मरम्मत का काम सीखकर रोजगार के सिलसिले में दुबई के अबूधाबी गया था।

बमबारी का वीडियो सोशल मीडिया में डाला

काम के दौरान हाल में क्षेत्र में बढ़े युद्ध जैसे हालात के बीच हो रही मिसाइल और बमबारी की घटनाओं का वीडियो उसने अपने मोबाइल से बनाकर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। इसी मामले में वहां की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Search

Archives