Home » वर्दी की आड़ में नशे का खेल! करोड़ों का मालिक निकला आरक्षक, मर्सिडीज में हेरोइन की सप्लाई
छत्तीसगढ़

वर्दी की आड़ में नशे का खेल! करोड़ों का मालिक निकला आरक्षक, मर्सिडीज में हेरोइन की सप्लाई

रायपुर। राजधानी रायपुर से पुलिस महकमे को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जिस आरक्षक पर कानून की रक्षा की जिम्मेदारी थी, वही वर्दी की आड़ में नशे का सौदागर बन बैठा। पुलिस ने आरक्षक हिमांशु बर्मन को हेरोइन सप्लाई करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी के पास करोड़ों की संपत्ति, मर्सिडीज समेत कई लग्जरी गाड़ियां और आलीशान जीवनशैली के सबूत मिले हैं। सोशल मीडिया पर महंगी कारों के साथ तस्वीरें पोस्ट करने वाला यह आरक्षक अब सलाखों के पीछे है।

अपने ही खाते में लेता था ड्रग्स की रकम

जांच में सामने आया कि हिमांशु बर्मन ड्रग्स की डिलीवरी के बाद सीधे अपने बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करवाता था। इसी लेनदेन ने उसे शक के घेरे में ला दिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने टिकरापारा इलाके में छापा मारा और तलाशी के दौरान उसकी कार से एक ग्राम हेरोइन बरामद की। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कार्रवाई के दौरान बना तस्करों का साथी

बताया जा रहा है कि आरोपी करीब डेढ़ साल से आमानाका थाना में पदस्थ था। वह पहले ड्रग्स से जुड़े मामलों में कार्रवाई टीम का हिस्सा रह चुका है। इसी दौरान उसका संपर्क तस्करों से हुआ और फिर पैसों के लालच में खुद ही सप्लायर बन बैठा। पूछताछ में उसने चार बार ड्रग्स सप्लाई करने की बात कबूल की है।

मर्सिडीज और लग्जरी गाड़ियों का काफिला

जानकारी के मुताबिक आरोपी आरक्षक के पास करोड़ों की प्रापर्टी  है। उसके पास मर्सिडीज समेत कई महंगी गाड़ियां हैं। उसकी लाइफस्टाइल देखकर लोग पहले ही हैरान थे, लेकिन अब तस्वीर साफ हो गई है कि इस एशोआराम के पीछे काला कारोबार था।
विभाग में मचा हड़कंप

एक पुलिसकर्मी के इस तरह नशे के नेटवर्क में षामिल होने से विभाग में खलबली मच गई है। अब जांच इस बात की भी हो रही है कि क्या इस पूरे नेटवर्क में और लोग शामिल हैं।

Search

Archives