जम्मू/श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर में गुरूवार की रात से शुक्रवार को पूरे दिन भारी बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। श्री माता वैष्णो देवी के भवन पर सीजन का पहला हिमपात हुआ। त्रिकुटा पर्वत बर्फ से चमक उठा है। जम्मू संभाग के पटनीटॉप, नत्थाटॉप समेत कश्मीर के सभी पहाड़ों और पर्यटन स्थलों पर भारी बर्फ जमा हो गई है। कई जगह मलबा और पत्थर गिरने और बर्फ जमा होने से श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया है। मुगल रोड और श्रीनगर-लेह राजमार्ग भी बंद है।
बारिश से दो महीने से अधिक समय से चल रहे सूखे का तो अंत हुआ लेकिन मौसम के अचानक बदले रुख से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जम्मू से लेकर घाटी तक भारी बिजली-पानी संकट रहा। गुरूवार रात को जम्मू संभाग के कई हिस्सों में आंधी के साथ ओले गिरे। पूरे प्रदेश में शुक्रवार को तेज हवा के साथ बारिश जारी रही। इससे श्रीनगर हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द रहीं। जम्मू से श्रीनगर जाने वाली पांच उड़ानें नहीं हुईं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर उधमपुर, राजोरी, पुंछ और कठुआ जिले में स्कूल बंद रखे। शनिवार को मौसम सही रहने पर ही स्कूल खुलेंगे।







