संदिग्ध महिला की तलाश में जुटी पुलिस
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मिनोचा कॉलोनी में आयोजित जया किशोरी के प्रवचन कार्यक्रम के दौरान एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 3.3(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थिया प्रेमलता यादव ने थाना सिविल लाइन में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह वैष्णवी विहार उसलापुर बिलासपुर में सपरिवार निवास करती है और गृहणी है। 9 जनवरी को वह अपनी बहन आशा यादव के साथ मिनोचा कॉलोनी में आयोजित जया किशोरी के प्रवचन कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम करीब 1 बजे सड़क किनारे लगे एक चाय स्टॉल पर चाय पीने गई। इसी दौरान चाय लेते समय भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात महिला ने उनके गले में पहनी लगभग डे़ढ़ तोला वजनी सोने की चेन चोरी कर ली। पीड़िता ने बताया कि उन्हें गले में खिंचवा जैसा महसूस हुआ, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण तत्काल ध्यान नहीं दे सकी। वहीं उनकी बहन आशा यदव ने एक अज्ञात महिला को उनसे टकराते हुए देखा था। जब उन्होंने पलटकर देखा तो वह महिला मौके से फरार हो चुकी थी।
पीड़िता ने आसपास मौजूद लोगों से चोर महिला के संबंध में पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। चोरी गई चेन की अनुमानित कीमत 90 हजार रूपए है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध महिला की तलाश की जा रही हैं। पुलिस ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने की अपील की है।
—-







