Home » फार्म हाउस पर बड़ी कार्रवाई : देर रात 21 युवक-युवतियां नशे की हालत में पकड़ाए
छत्तीसगढ़ रायपुर

फार्म हाउस पर बड़ी कार्रवाई : देर रात 21 युवक-युवतियां नशे की हालत में पकड़ाए

रायपुर। नए साल के आगमन से पहले रायपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में रायपुर पुलिस ने विधानसभा थाना क्षेत्र के पिरदा इलाके में स्थित एक फार्म हाउस पर बड़ी कार्रवाई की है। यहां आयोजित की जा रही एक निजी पार्टी पर पुलिस ने अचानक दबिश दी, जहां 21 युवक-युवतियां नशे की हालत में पाए गए।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जेडी फार्म हाउस में नियमों को ताक पर रखकर देर रात पार्टी की जा रही है। आशंका जताई जा रही थी कि पार्टी के दौरान नशीले पदार्थों का सेवन किया जा रहा है और मौके पर अवैध गतिविधियां भी हो सकती हैं। सूचना की पुष्टि के बाद क्राइम ब्रांच और विधानसभा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने फार्म हाउस को घेरकर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान फार्म हाउस में मौजूद सभी युवक-युवतियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सभी नशे की स्थिति में पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की।

एसएसपी लाल उमेद सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नए साल के मद्देनज़र शहर में असामाजिक और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की सघन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

Search

Archives