Home » पुलिस के पैर से नवजात की मौत के मामले में सीएम ने लिया संज्ञान, थानेदार लाइन हाजिर, चार कांस्टेबल निलंबित
झारखंड • देश

पुलिस के पैर से नवजात की मौत के मामले में सीएम ने लिया संज्ञान, थानेदार लाइन हाजिर, चार कांस्टेबल निलंबित

झारखंड/गिरीडीह। बुधवार को गिरीडीह जिले के कोशोडिंघी गांव में एक आरोपी को पकड़ने पुलिस की टीम गई हुई थी। इस दौरान 4 दिन के मासूम की किसी पुलिस कर्मी के पैर से कुचल जाने से मौत हो गई थी। इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है। ट्विटर पर गिरीडीह उपायुक्त और गिरीडीह पुलिस के साथ ही झारखंड पुलिस को टैग करते हुए सीएम ने इस केस में तत्परता दिखाते हुए जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं सूचित करने भी कहा। मामले में एसपी ने कार्रवाई करते हुए थानेदार को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं दबिश में शामिल अधिकारी व चार कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। डीएसपी संजय राणा ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है। परिजनों की शिकायत पर गैरइरादतन हत्या की प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है।
बता दें कि बुधवार को तड़के एक मामले में पुलिस की टीम आरोपी भूषण पांडेय को पकड़ने के लिए उनके घर में दबिश दी थी, जहां किसी पुलिस कर्मी के पैर से नवजात के कुचल जाने से मौत हो गई थी। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। थाना प्रभारी संगम पाठक दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थे और घटनास्थल का जायजा लिया था। उन्होंने नवजात को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था।
मृत नवजात की मां नेहा देवी ने के अनुसार बुधवार को तड़के देवरी थाने की पुलिस ससुर भूषण पांडेय को पकड़ने उनके घर में दबिश दी थी। पुलिस अंदर घुसी तो घर के सभी सदस्य बाहर निकल गए थे। घर के भीतर 4 दिन का नवजात सो रहा था। कार्रवाई के बाद पुलिस टीम जब बाहर आई तो परिवार के लोग भीतर गए। उन्होंने देखा कि बच्चे के शरीर में किसी भी प्रकार की कोई हलचल नहीं थी और न ही उसकी सांसें चल रही थी। घटना से आक्रोशित परिजनों ने आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी कि दबिश के दौरान किसी पुलिस कर्मी के पैर से नवजात के कुचल जाने से मौत हो गई है। वहीं मामले में पुलिस छानबीन कर रही थी।

Search