धमतरी। जिले के कुरूद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोर्रा में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान शिशु की मौत का मामला सामने आया है, जिसमें परिजनों ने नर्स की लापरवाही का आरोप प्रत्यारोप है, वही अस्पताल सीएमएचओ ने सख्त रुख अपनाया है। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर जांच कर सख्त कार्रवाई की जाने की बात कही है। उधर पीड़ित पक्ष ने लापरवाही बरतने वाली संबंधित नर्स को ड्यूटी से हटाने की मांग है।
मामला भखारा तहसील अंतर्गत 16 अगस्त रविवार की है, रात 9 बजे ग्राम सेमरा (सि) निवासी चन्दहास देवांगन उर्फ लल्ला की पत्नी गायत्री देवांगन को प्रसव के लिए ग्राम कोर्रा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान नर्स द्वारा प्रसूता को मारपीट की गई व अप्रशिक्षित सफाई कर्मी से प्रसव के दौरान काम करने कहा गया। प्रार्थी चंद्रहास देवांगन द्वारा जिला चिकित्सा अधिकारी से ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ धनेश्वरी नेताम पर लापरवाही की शिकायत किया गया हैं। हालांकि, ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ धनेश्वरी नेताम ने इस आरोप को निराधार बताया। उधर पीड़ित परिवार में नर्सिंग स्टाफ को लेकर काफी रोष व्याप्त है।
3 साल बाद मिल रहा था संतान सुख
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित दम्पत्ति को शादी के 3 साल बाद सन्तान सुख मिलना था। प्रसूता गायत्री देवांगन को जब बच्चे की मौत की जानकारी मिली तो सदमे में आ गई। फिलहाल, विभागीय जांच जारी है और स्वास्थ्य विभाग ने भरोसा दिया है।
आरोप की जांच कर की जाएगी कार्रवाई
इस पूरे मामले में सीएमएचओ डॉ यू एल कौशिक ने कहा कि ग्राम सेमरा के देवांगन परिवार द्वारा प्रसव के दौरान लापरवाही बरतने से उनके नवजात की जान जाने की शिकायत की है, जिस पर जांच की जाएगी, जांच उपरांत दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।







