बदायूं। बदायूं के सम्राट अशोक नगर में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार उसकी पत्नी ने दूसरी शादी की धमकी दी थी जिससे वह परेशान था। योगेश नामक इस युवक की शादी तीन साल पहले हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला सम्राट अशोक नगर निवासी 30 वर्षीय योगेश पुत्र रामस्वरूप की शादी करीब तीन साल पहले कछला की युवती के साथ हुई थी। उसके स्वजन के मुताबिक कुछ समय पहले उसके पिता की मृत्यु हो गई थी उसके बाद से युवक की पत्नी घर लौटकर नहीं आई। वह कई बार उसको बुलाने के लिए जा चुका था और उससे घर आने को कह रहा था, लेकिन वह ससुराल आने के लिए तैयार नहीं थी।
इस दौरान उसके भाइयों ने योगेश के साथ मारपीट भी की थी और उसकी पत्नी ने कहा था कि वह दूसरे युवक से शादी करेगी, जिससे योगेश काफी परेशान था। वह उसे छोड़ना नहीं चाहता था। परिवार वालों का कहना है कि सोमवार को भी योगेश अपनी ससुराल कछला चला गया था और जब दोपहर बाद घर लौट कर आया तो काफी गुमसुम था। उसने देर शाम को अपने ही घर में फंदे से लटककर जान दे दी। जब तक स्वजन को पता चला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वह युवक को उतार कर तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने उसके शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। इसमें तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।







