बीहट बीरम (सीतापुर)। मछरेहटा के सूरजपुर में गुरुवार को तीन माह के बालक का शव छत पर रखे ड्रम में मिला। परिवारजन को आशंका है कि बंदर ने बालक को उठाकर ड्रम में फेंका है। शुक्रवार को चर्चा होने पर पुलिस मौके पर जांच करने गई, लेकिन परिवारजन ने तहरीर नहीं दी है। गांव के अनुज यादव का तीन माह का बेटा शिवांश गुरुवार सुबह कमरे में चारपाई पर सो रहा था। इसी बीच उसकी मां सरिता स्नान करने चली गईं। वापस आईं तो शिवांश गायब मिला। सरिता ने परिवारजन को जानकारी दी।
तलाश की गई तो बालक छत पर रखे ड्रम में तैरता मिला। परिवारजन बालक को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछरेहटा पहुंचे जहां मृत घोषित कर दिया गया। अनुज ने बताया बंदर अक्सर उनके घर आ जाता है। घटना के दिन सीढ़ियों पर गेहूं भी बिखरे थे। इससे लग रहा है कि बंदर ही शिवांश को उठा ले गया और ड्रम में फेंका है। शिवांश उनका इकलौता बेटा था। इसूरजपुर चौकी प्रभारी गजेंद्र खरवार ने बताया कि घटना की चर्चा होने पर पुलिस अनुज के घर गई थी। अनुज ने तहरीर देने से मना कर दिया।
गांव में है बंदरों का उत्पात
सूरजपुर के महेश भारती, रिंकू जायसवाल और अंबुज यादव बताते हैं कि गांव में बड़ी संख्या में बंदर हैं और उत्पात भी करते हैं। हालांकि, किसी को काटने का मामला सामने नहीं आया है। प्रशासन को बंदरों को पकड़वाना चाहिए।







