लखीमपुर खीरी। लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ क्षेत्र में चौका नदी के सुतिया नाले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। मछली पकड़ने गए पिता-पुत्र पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया, जिसमें बेटा तो किसी तरह बच गया, लेकिन पिता रामसागर निषाद (50) को मगरमच्छ गहरे पानी में खींच ले गया।
रामसागर निषाद अपने बेटे विष्णु निषाद के साथ गांव किनारे सुतिया नाले में मछली पकड़ने गए थे। दोनों नाले में जाल डाल रहे थे, तभी मगरमच्छ ने हमला कर दिया। विष्णु किसी तरह बच गया, लेकिन रामसागर को मगरमच्छ गहरे पानी में ले गया। युवक की चीख-पुकार सुन ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस तथा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने तलाश शुरू की, लेकिन शाम तक रामसागर का कुछ पता नहीं चला।
शारदानगर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मगरमच्छ के हमले में एक ग्रामीण लापता है और उसकी तलाश की जा रही है। रेंजर शारदानगर अभय कुमार मल्ल ने बताया कि पीड़ित परिवार की नियमानुसार मदद की जाएगी और ग्रामीणों को नदी-नालों के किनारे जाने से सावधान रहने की सलाह दी गई है।







