बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम ऊनी में सोमवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में पिता पुत्र की मौत हो गई। घर के पीछे बने कुएं में पहले 14 वर्षीय बेटे के गिरने के बाद उसे बचाने गए पिता की भी जान चली गई। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है और परिजन बदहवास है। फिलहाल सीपत पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम ऊनी निवासी कैलाश गोस्वामी 40 वर्ष ने कुछ दिन पहले अपने घर के पीछे एक रिंगनुमा कुआं खुदवाया था। यह कुआं लगभग 25 फीट गहरा था और इसमें करीब 5 फीट पानी भरा हुआ था। बताया जा रहा है कि कुएं की सफाई लंबे समय से नहीं हुई थी, जिसके चलते उसमें बदबू फैल रही थी और कई मेढक मरे पड़े थे। सोमवार शाम करीब 5 बजे कैलाश का बेटा अंशु गोस्वामी जोकि कक्षा 9वीं का छात्र था, कुएं की सफाई के दौरान उसमें गिर गया। बेटे को गिरते देख पिता कैलाश घबरा गया और उसे बचाने के लिए बिना समय गवाएं कुएं में कूद पड़ा, लेकिन दुर्भाग्यवश वह खुद भी बाहर नहीं निकल सका। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि कुएं में जहरीली गैस का प्रभाव था या फिर पानी में लगे पंप में करंट फैल गया था। जिसकी चपेट में आकर दोनों की मौत हुई। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम के बाद ही हो सकेगी।
ग्रामीणों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। शाम करीब 7 बजेसीपत पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। इसके साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। कुएं से दोनों के शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के वक्त कैलाश की पत्नी की तबीयत खराब थी और वह घर के भीतर आराम कर रही थी। इस वजह से उन्हें घटना की जानकारी देर से मिल सकी। जब उन्होंने बाहर शोर सुना, तब जाकर हादसे का पता चला। घटना के बाद से महिला की हालत भी बेहद नाजुक बनी हुई है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे ग्राम ऊनी को स्तब्ध कर दिया है। गांव में शोक का माहौल है और हर आंख नम है। सीपत पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि पिता पुत्र की मौत पानी में डूबने या जहरीली गैस अथवा करंट से हुई है।







