बिलासपुर। थाना चकरभाठा पुलिस ने हत्या के 3 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मारपीट से मृतक के हाथ, पैर, कंधे और चेहरा में गंभीर चोट आई थी।
18 जून की रात करीब 8 बजे मृतक नंद किशोर वैष्णव को आरोपीगण गौकरण गेंदले, गजेन्द्र सेंगर, शैलेन्द्र सेंगर द्वारा मारपीट करने पर नंदकिशोर के हाथ, पैर, कंधा, चेहरा और पीठ में चोट आई थी। जिसे डायल 112 द्वारा बिल्हा अस्पताल ले जाया गया था, जहां ईलाज कराकर वापस अपने वर्तमान निवास सब्जी मार्केट पानी टंकी के पास चकरभाठा छोड़ा गया था। रात्रि करीबन 12ः30 बजे पुनः तबीयत खराब होने पर इसे डायल 112 द्वारा ईलाज हेतु बिल्हा अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर द्वारा इसे मृत घोषित कर दिया गया। आरोपीगणो को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर मारपीट करना स्वीकार किया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी गौकरण गेंदले की पत्नी से नंदकिशोर की पुरानी जान पहचान होने के कारण उससे मिलने उसके घर गया था। उसी समय गौकरण वहां पहुंच गया और उसने अपनी पत्नी से संबंध होने की शंका में आरोपियों के साथ मिलकर नंदकिशोर को हाथ मुक्के, लात और लकड़ी के बत्ते से मारपीट की गई थी। गंभीर चोट की वजह से उसकी मौत हो गई। प्रकरण में तीनों आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103 (हत्या) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। उक्त अपराध में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिन्हें न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय पेश किया गया।







