Home » कोरबा के युवक की चाम्पा रेलवे स्टेशन में ट्रेन से कटकर मौत, शॉर्टकट ने ले ली जान
छत्तीसगढ़

कोरबा के युवक की चाम्पा रेलवे स्टेशन में ट्रेन से कटकर मौत, शॉर्टकट ने ले ली जान

चाम्पा। चांपा रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें कोरबा के एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना लगभग शाम 5 बजे की बताई जा रही है, जब युवक प्लेटफार्म नंबर 1 से प्लेटफार्म नंबर 2 की ओर पटरी पार कर रहा था। इसी दौरान नॉन-स्टॉप सुपरफास्ट ट्रेन आ गई और युवक उसकी चपेट में आ गया। मृतक की पहचान दिलावर निवासी सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा के रूप में की गई है।

बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ लिंक एक्सप्रेस पकड़ने चांपा रेलवे स्टेशन आया था। प्लेटफार्म बदलने के दौरान उसने शॉर्टकट के रूप में सीधे पटरी पार करने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार से आ रही नॉन-स्टॉप ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। यह घटना एक बार फिर रेल पटरी पार करने के खतरों को उजागर करती है और लोगों को सुरक्षा नियमों का पालन करने की सख्त आवश्यकता का संदेश देती है।

Search

Archives