Home » एसईसीएल गेवरा परियोजना : इलेक्ट्रिशियन की मौत के बाद खदान में रात भर हुआ बवाल
कोरबा

एसईसीएल गेवरा परियोजना : इलेक्ट्रिशियन की मौत के बाद खदान में रात भर हुआ बवाल

कोरबा। एसईसीएल गेवरा परियोजना में बुधवार को करंट प्रवाहित केबल की चपेट में आकर एक ठेका कर्मी की मौत के बाद मामला गरमा गया। मृतक के परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर रात 2 बजे तक आंदोलन पर बैठे रहे। सहमति बनने के बाद सभी चले गए ।  फिर से गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में लोग गेवरा खदान के 7 नंबर गेट के सामने एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन करते हुए गेट को बंद कर दिया।

जानकारी के अनुसार गेवरा खदान में कार्यरत नागार्जुन कंपनी के अधीन ठेका कर्मी हीरालाल (35 वर्ष), निवासी बिंझरी, बुधवार दोपहर लगभग 3.30 बजे 6.6 केवी के केबल को बारिश से बचाने कन्वेयर बेल्ट से ढंक रहा था, तभी करंट की चपेट में आ गया। सहकर्मियों द्वारा तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक तीन वर्षों से इस कंपनी में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत था और तीन बेटियों का पिता था। हीरालाल अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। घटना के बाद मृतक के गांव और खदान क्षेत्र में आक्रोश का माहौल हो गया और लोग प्रदर्शन करने लगे। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने 7 नंबर गेट को बंद कर दिया और धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मृतक के परिवार को पर्याप्त मुआवजा, स्थायी नौकरी और सुरक्षा चूक की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। वहीं सुबह जब लोग गेट पर पहुंचे इस दौरान दीपिका पुलिस मौके पर बल के साथ पहुंची और लोगों को समझने का प्रयास किया जहां काफी प्रयास के बाद कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों को बुलाया गया और ग्रामीणों के बीच वार्ता हुआ। मृतक के परिवार को तात्कालिक सहायता राशि एक लाख नगदी और 15 लाख का चेक दिया गया है वहीं परिवार के एक सदस्य को कंपनी में नौकरी देने की बात कही गई है। इसके बाद मामला शांत हुआ।  दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि इस हादसे के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है । कंपनी के द्वारा मुआवजा दी गई है, आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Search

Archives