मुंबई। सोमवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब कनाकिया इंटरनेशनल स्कूल और रायन इंटरनेशनल स्कूल को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी में न सिर्फ स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई, बल्कि मुंबई के कई हिस्सों में बम ब्लास्ट की चेतावनी भी दी गई थी।
पुलिस जांच में जुटी
धमकी मिलते ही संबंधित क्षेत्रों की देवनार और समता नगर पुलिस तुरंत स्कूल परिसरों में पहुंची और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई। फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है.
एफआईआर दर्ज
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और साइबर सेल को ईमेल की ट्रेसिंग के लिए लगाया गया है। यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब कुछ दिन पहले ही मुंबई के बीकेसी स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को भी बम की धमकी मिली थी।
अभिभावकों में चिंता
इस घटना के बाद से स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल कोई खतरा नहीं है, लेकिन सावधानी के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।







