गोरखपुर। गोरखपुर के पीपीगंज कस्बे में एक महिला ने मुंबई के व्यापारी को वीडियो कॉल के जरिए फंसाया और अश्लील वीडियो के सहारे ब्लैकमेल कर 40 लाख रुपये ठग लिए। महिला ने पति से पुलिस में शिकायत कराने की धमकी दी। पीड़ित व्यापारी ने पीपीगंज थाने में सबूतों के साथ शिकायत दर्ज कराई है। एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई होगी।
पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले उसकी पीपीगंज की महिला से फोन पर बातचीत शुरू हुई थी। कुछ दिनों बाद महिला ने वीडियो कॉल के माध्यम से बात करना शुरू किया। इस दौरान महिला ने आपत्तिजनक वीडियो और फोटो दिखाए और कुछ स्क्रीन रिकॉर्डिंग भी की।
इसके बाद महिला ने कारोबारी से कहा कि उसके पति को उनके बीच की बातचीत और वीडियो कॉल की जानकारी हो चुकी है और वह पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहे हैं। घबराकर कारोबारी ने पहले दो लाख रुपये दिए। इसके बाद महिला ने धीरे-धीरे करके एक वर्ष के अंदर अलग-अलग किश्तों में कुल 40 लाख रुपये वसूले।
ब्लैकमेलिंग का यह सिलसिला एक-दो बार नहीं बल्कि कई बार चला। महिला ने हर बार नई-नई कहानियां सुनकर मानसिक रूप से दबाव में रखा। कभी खुद की इज्जत बचाने की बात कही, कभी यह डर दिखाया कि उसका पति एफआइआर कराने वाला है।
पीड़ित का दावा है कि उसके पास कॉल रिकॉर्डिंग, चैटिंग, वीडियो क्लिप और बैंक ट्रांजैक्शन जैसे सारे सबूत मौजूद हैं, जिन्हें वह पुलिस को सौंप चुका है। एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि तहरीर के आधार पर तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई होगी।







