Home » समीर रिजवी ने पंजाब से छिनी जीत, दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से दी मात
खेल

समीर रिजवी ने पंजाब से छिनी जीत, दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से दी मात

जयपुर। दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को छह विकेट से हरा दिया। शनिवार को जयपुर में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब ने श्रेयस अय्यर की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में छह विकेट खोकर 206 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 19.3 ओवर में चार विकेट खोकर 208 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। पंजाब के लिए हरप्रीत बराड़ ने दो विकेट लिए जबकि मार्को यानसेन और प्रवीण दुबे ने एक-एक सफलता हासिल की।

अंक तालिका का हाल- दिल्ली ने इस जीत के साथ मौजूदा सत्र में अपना अभियान समाप्त किया। वहीं, पंजाब की शीर्ष-2 में रहने की उम्मीदों को झटका लगा है। फिलहाल टीम 13 मैचों में आठ जीत के साथ 17 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। अब उसका सामना 26 मई (सोमवार) को मुंबई इंडियंस से होगा। दिल्ली पांचवें स्थान पर है। शीर्ष पर 18 अंकों के साथ गुजरात टाइटंस है जबकि 17 और 16 अंकों के साथ तीसरे और चौथे पायदान पर क्रमश: आरसीबी और मुंबई है।

दिल्ली की पारी- लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को केएल राहुल और फाफ डुप्लेसिस ने अच्छी शुरुआत दिलाई थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी हुई, जिसे मार्को यानसेन ने तोड़ा। उन्होंने केएल राहुल को शशांक सिंह के हाथों कैच कराया। वह 21 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए जबकि हरप्रीत बराड़ ने डुप्लेसिस को पवेलियन की राह दिखाई। वह 23 रन बनाकर लौटे। इसके बाद सेदिकुल्लाह अटल भी 22 रन बनाकर आउट हो गए। करुण नायर को समीर रिजवी का साथ मिला। दोनों ने 30 गेंदों में 62 रन जोड़े। हालांकि, नायर अर्धशतक पूरा करने से पहले ही आउट हो गए। उन्होंने 44 रन बनाए। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स और समीर रिजवी ने टीम को जीत दिलाई। दोनों ने 53 रनों की नाबाद साझेदारी के साथ दिल्ली को पंजाब को हराया। रिजवी 58 और स्टब्स 18 रन बनाकर नाबाद रहे।

पंजाब की पारी- इससे पहले, अय्यर ने 34 गेंद में 53 रन बनाये जबकि स्टोइनिस ने अपनी ताबड़तोड़ पारी में चार छक्के और तीन चौके जड़कर पंजाब को 200 रन के पार पहुंचाया। दिल्ली को पहली सफलता जल्दी ही मिली जब प्रियांश आर्य (छह) ने मुस्तफिजुर रहमान की शॉर्ट गेंद पर विकेटकीपर ट्रिस्टन स्टब्स को कैच थमा दिया। गेंद हवा में ऊपर उछली थी और स्टब्स ने कुछ कदम पीछे लेते हुए यह कैच लपका। जोश इंग्लिश ने मुकेश कुमार को दो चौके लगाकर शुरूआत की जबकि प्रभसिमरन सिंह ने मुस्तफिजुर को चौका लगाया । इंग्लिस ने इसके बाद बायें हाथ के इस तेज गेंदबाज को डीप बैकवर्ड स्क्वेयर लेग में छक्का लगाया। प्रभसिमरन ने मोहित शर्मा को दो चौके लगाये । पावरप्ले के आखिरी ओवर में विराज निगम को इंगलिस ने एक छक्का और एक चौका लगाया लेकिन फिर गुगली पर चकमा खा गए और स्टब्स ने कुशल स्टम्पिंग का नमूना पेश करके उन्हें पवेलियन भेजा ।

इसके बाद पंजाब के कप्तान अय्यर क्रीज पर आये और चौके के साथ खाता खोला। इस बीच प्रभसिमरन ने कुलदीप यादव की पहली ही गेंद पर छक्का लगाया और फिर निगम को भी नहीं बख्शा । निगम ने हालांकि उनकी पारी का नौवे ओवर में अंत किया। इसके बावजूद अय्यर विचलित नहीं हुए और कुलदीप को स्लॉग स्वीप पर डीप मिडविकेट में छक्का लगाया । निगम ने दसवां ओवर किफायती डाला। पंजाब ने दस ओवर में तीन विकेट पर 97 रन बनाये थे। शशांक सिंह को मुस्तफिजुर ने स्टब्स के हाथों लपकवाया । मुकेश ने हालांकि अगले ओवर में दो छक्के, दो चौके और तीन अतिरिक्त समेत 25 रन दे डाले। अय्यर को कुलदीप ने मोहित के हाथों लपकवाकर पवेलियन भेजा । मोहित ने इससे पहले स्टोइनिस का कैच छोड़ा था जिन्होंने उनके ओवर में 22 रन निकाले।

Search