Home » ‘टेस्ट’ जल्द ही नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज, दर्शकों के रिएक्शन जानने आतुर हैं आर माधवन
मनोरंजन

‘टेस्ट’ जल्द ही नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज, दर्शकों के रिएक्शन जानने आतुर हैं आर माधवन

फिल्म ‘टेस्ट’ जल्द ही नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इस फिल्म का एक टीजर एक दिन पहले सामने आया था, जिसमें नयनतारा के किरदार का खुलासा हुआ। अब फिल्म का एक और टीजर सामने आया है, इसमें आर. माधवन के किरदार की झलक मिली है। इस फिल्म में अभिनेता सिद्धार्थ भी नजर आएंगे।

फिल्म ‘टेस्ट’ में आर. माधवन ने सरवनन नाम के व्यक्ति का किरदार किया है। वह एक संघर्ष करने वाला, प्रतिभा से भरा हुआ वैज्ञानिक है। वह काफी महत्वकांक्षी भी है। साथ फिल्म में वह एक पति की भूमिका में भी है। सरवनन के सामने कई तरह के संघर्ष हैं, चुनौतियां हैं, जिनका सामना उसे करना है। इस फिल्म का एक प्रोमो वीडियो आर. माधवन के दोस्त और अभिनेता सूर्या ने भी रिलीज किया है।

अपने किरदार को लेकर आर. माधवन की राय – अभिनेता आर. माधवन कहते हैं, ‘सरवनन एक ऐसा इंसान है, जो बहुत प्रतिभाशाली है। यह गुण उसकी ताकत भी है और यही उसके लिए मुश्किल भी खड़ी करता है। फिल्म में उसे अपने व्यवहार के कारण, महत्वकांक्षी होने के कारण एक बड़ी कीमत भी चुकानी पड़ती है। इस कहानी से, किरदार से कई दर्शक खुद को जोड़ सकते हैं। मैं इंतजार कर रहा हूं कि कब नेटफ्लिक्स पर दर्शक फिल्म ‘टेस्ट’ को देखें।’ आर. माधवन जल्द जानना चाहते हैं कि दर्शक उनकी फिल्म को लेकर क्या प्रतिक्रिया देंगे।

कब रिलीज होगी ‘टेस्ट’- आर. माधवन की फिल्म ‘टेस्ट’ के रिलीज की बात करें तो यह 4 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर आएगी। इस फिल्म को तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी में दर्शक देख पाएंगे। इसका निर्देशन एस शशिकांत ने किया है।

Search