Home » अंधेरा कायम है : खंभों में नहीं जल रही स्ट्रीट लाईट, नशा करने वालों को मिल रहा लाभ  
कोरबा

अंधेरा कायम है : खंभों में नहीं जल रही स्ट्रीट लाईट, नशा करने वालों को मिल रहा लाभ  

कोरबा। जिलेवासियों के साथ हम एक तस्वीर साझा कर रहे हैं। यह तस्वीर सोमवार की रात 9.15 बजे कैमरे में कैद की गई है। तस्वीर को देखकर आप कह सकते हैं कि यहां अंधेरा कायम है। वार्ड क्रमांक 6 में चौक चौराहों को एलईडी स्ट्रीट लाईट लगाकर रौशन किया गया है, वहीं दूसरी ओर गलियों में लगी स्ट्रीट लाईट आंख मिचौली खेल रही हैं। कभी जलती हैं तो कभी बुझ जाती हैं। अंधेरे का लाभ नशा करने वालों को मिल रहा है।भंडारी चौक पुरानी बस्ती के दो खंभों में स्ट्रीट लाईट एक वर्ष पहले लगाया गया था। दोनों लाईट लंबे समय से खराब है, लेकिन संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा है। रात में अंधेरा छा जाता है। आवागमन करने वालों को सड़क तक दिखाई नहीं पड़ती। दुपहिया गुजरने पर ही सड़क पर कुछ देर के लिए सड़क दिखाई पड़ती है। नगर पालिक निगम क्षेत्र होने की वजह से इसकी देखरेख निगम के कर्मचारी करते हैं, लेकिन लंबे समय से कर्मचारियों के दर्शन नहीं हुए हैं। अंधेरे का लाभ नशा करने वाले लोग उठा रहे हैं। हमने जब तस्वीर ली तो महज 20 फीट की दूरी पर एक बीड़ी जल रही थी, लेकिन अंधेरे की वजह से बीड़ी पीने वाला नजर नहीं आ रहा था। पास जाने पर पता चला कि बीड़ी पीने वाला व्यक्ति कौन है। इस क्षेत्र में अंधेरा का लाभ नशा के शौकीन उठा रहे हैं। उन्हें आसपास रहने वाले लोगों से कोई लेना देना नहीं है। सुबह शराब की खाली बोतलें भी मिल रही हैं। ऐसे में स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। समय रहते स्ट्रीट लाईट का सुधार नहीं किया गया तो आने वाले समय में नशेबाजों की संख्या  में बढ़ौतरी से इंकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में कभी भी अप्रिय स्थिति निर्मित हो सकती है।

Search

Archives