कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी मुख्य मार्ग साईं मंदिर के पास तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं पीछे बैठे दो युवक घायल हो गए मृतक और घायल दोनों रिश्ते में मामा भांजे हैं। बाइक में सवार होकर चाय पीने घंटा घर जा रहे थे, इसी दौरान हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जहां अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर में जा घुसी। बाइक चला रहे 28 वर्षीय बुधवारी निवास छोटू चौहान की मौत हो गई, वही पीछे बैठे सोनू चौहान और अमित चौहान घायल हो गए। हादसे के बाद देखते ही देखते राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई और तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना किया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के दौरान छोटू चौहान को मृत घोषित कर दिया, वहीं घायलों का उपचार शुरू किया गया।
हादसे में घायल सोनू चौहान ने बताया कि तीनों बाइक में सवार होकर चाय नाश्ता करने के लिए घंटाघर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक से बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। सिर पर गंभीर चोट लगने के चलते उसके मामा की मौत हो गई। अगर हेलमेट पहने होते तो शायद उसकी जान बच सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए घायलों का हाल-चाल जाना। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक नियंत्रित हो गई जिसके चलते यह घटना हुई।







