बरेली। रविवार आधी रात बारादरी थाना क्षेत्र में लक्जरी कारों के साथ निकली बरात में शामिल बरातियों ने जमकर हुडदंग मचाया। चलती कार से पटाखे छोड़े। इतना ही नहीं इन हुड़दंगियों द्वारा फायरिंग भी किए जाने की बात कही जा रही है। मामले में बारादरी थाना पुलिस ने सोमवार को छह कारें सीज करके पांच चालकों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार चौधरी तालाब निवासी सोफियान नाम के युवक की रविवार रात आरिश लॉन में शादी थी। रात 12 बजे किला इलाके से करीब 25 कारों और 15 बाइक से दूल्हे की बरात निकली। सनरूफ से बाहर निकलकर और दरवाजों से लटककर बरातियों ने रैली निकालकर हुडदंग किया। आतिशबाजी छोड़ी और धमाल किया। इसकी जानकारी जब पुलिस को हुई तो रात में ही बारादरी थाना प्रभारी अमित पांडेय ने आरिश लॉन में छापा मारा। वहां से पांच चालकों को गिरफ्तार किया और छह लक्जरी कारें सीज की गई।







