Home » सेप्टिक टैंक में गिरे बच्चे को बचाने के प्रयास में तीन लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश

सेप्टिक टैंक में गिरे बच्चे को बचाने के प्रयास में तीन लोगों की मौत

सीतापुर। सेप्टिक टैंक में गिरे 14 साल के बच्चे को बचाने के प्रयास में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।  मामला उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सकरन थाना क्षेत्र के सुकेठा गांव की है।

टैंक साफ करते समय बेहोश हो गया शख्स- सुकेठा निवासी पूरन का सेप्टिक टैंक चोक हो गया था जिसके बाद रविवार की सुबह साढ़े दस बजे पूरन का भतीजा अतुल (14)  सेप्टिक टैंक का पत्थर हटाकर पाइप को साफ कर रहा था। तभी वह टैंक में गिर गया और बेहोश हो गया। यह देखकर अतुल का बड़ा भाई अनिल, पड़ोस के राजकुमार भार्गव, रंगीलाल, दीपू टैंक में उतरे, लेकिन जहरीली गैस और दम घुटने की वजह से सभी बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके।

ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को टैंक से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक अनिल, राजकुमार भार्गव व रंगीलाल की मौत हो चुकी थी। वहीं अतुल व दीपू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ लहरपुर नागेंद्र चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घर के बाहर बने सेप्टिक टैंक में उतरे 5 लोग जहरीली गैस की चपेट में आ गए। तीन लोगों की मौत हो गई है, वहीं अतुल व दीपू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।  पुलिस मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।  इस दर्दनाक हादसे से सुकेठा गांव में मातम पसर गया।  परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Search

Archives