मेरठ। दौराला में तीन लोगों की मौत मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि स्पेलर संचालक बाबूराम प्रजापति, जितेंद्र कश्यप व अंकित उर्फ दौलत की मौत शराब पीने से नहीं हुई, बल्कि एक सोची-समझी हत्या थी। अंकित उर्फ दौलत की सगी बहन अलका ने ही अपने प्रेमी पवन उर्फ पोली के साथ मिलकर यह साजिश रची थी। पुलिस ने अलका और उसके प्रेमी पवन को हिरासत में ले लिया है। कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस जांच में पता चला है कि अंकित की बहन अलका का गांव के ही पवन उर्फ पोली के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अंकित इस रिश्ते का विरोध करता था जो अलका और पवन की राह में सबसे बड़ा रोड़ा बना हुआ था। इसके अलावा अलका की नजर अंकित के हिस्से की जमीन पर भी थी। प्रेमी युगल ने योजना बनाई थी कि अंकित को रास्ते से हटाकर वे शादी कर लेंगे और जमीन बेचकर ऐश करेंगे।
एक की हत्या की योजना में तीन की गई जान :
अनजाने में अंकित वही जहरीली शराब लेकर अपने दोस्त बाबूराम के स्पेलर पर पहुंच गया। वहां अंकित के साथ बाबूराम और जितेंद्र ने भी वही शराब पी ली जिससे चंद मिनटों में तीनों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
जांच में यह भी साफ हो गया है कि सरकारी ठेके की शराब में कोई कमी नहीं थी। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जो बहन कल तक भाई की लाश से लिपटकर लोगों की सहानुभूति बटोर रही थी वही उसकी कातिल निकली। पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त जहर के स्रोत और अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लगी है।







